तस्वीर: Twitter.com/CSA
सेंचुरियन: दक्षिण अफ्रीका के स्टार विकेटकीपर बैट्समैन क्विंटन डिकॉक ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। वो जल्द ही पिता बनने वाले हैं, जिसके चलते उन्होंने भारत के साथ खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के आखिरी दो मैचों से छुट्टी ली थी। लेकिन इस बीच आज उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला ले लिया।
क्विंटन डिकॉक ने साल 2021 की शुरुआत टीम को अस्थायी कप्तान के तौर पर शुरू की थी। लेकिन साल के आखिरी दिन से एक दिन पहले उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को ही अलविदा कह दिया। अपनी कप्तानी में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दक्षिण अफ्रीकी टीम को 2-0 से जीत दिलाई थी, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ टीम इसी अंतर से हार गई थी।
क्विंटन डिकॉक ने कहा कि वो और उनकी पत्नी साशा जल्द ही पहले बच्चे के अभिभावक बनने वाले हैं। ऐसे में परिवार को समय देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ये मुश्किल फैसला है। लेकिन सही समय पर सही फैसले लेने में ही भलाई होती है। क्विंटन डिकॉक ने कहा कि वो दक्षिण अफ्रीकी टीम में खेलने को अपने लिए फख्र की बात समझते हैं और आगे भी सीमित ओवरों के लिए मैदान पर उतरते रहेंगे।
क्विंटन डिकॉक ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 54 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया था। अपने 54 मैचों के करियर में क्विंटन डिकॉक ने 91 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए 38.82 की औसत से 3300 रन बनाए हैं। डिकॉक ने टेस्ट करियर में 6 शतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 141 रन रहा है। डिकॉक ने टेस्ट मैच करियर में 22 अर्धशतक भी लगाए हैं तो विकेट के पीछे 232 शिकार भी किये हैं। इसमें 221 कैच उन्होंने लपके हैं तो 11 बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया है।
क्विंटन डिकॉक ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में 84 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 12 शतकों की मदद से 5463 रन बनाए हैं। उन्होंने 36 अर्धशतक भी लगाए हैं।
Leave Comments