बंगाल में बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष को पद से हटाया गया.
नई दिल्ली: भाजपा सांसद बाबुल सुप्रियो के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के दो दिन बाद भाजपा ने बंगाल के अध्यक्ष दिलीप घोष को पद से हटा दिया है। घोष लगातार विवादित बयान देते रहे हैं। घोष को पार्टी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि बालुरघाट से भाजपा सांसद 41 वर्षीय डॉ. सुकांता मजूमदार को बंगाल भाजपा के अध्यक्ष का पद संभालने के लिए कहा गया है।
बंगाल भाजपा में फेरबदल आसनसोल से पार्टी के सांसद बाबुल सुप्रियो के पाला बदलने के दो दिन बाद हुआ है। बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 200 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा था, लेकिन उसे केवल 77 पर जीत मिली। जिसमें से चार विधायक अब तक तृणमूल में जा चुके हैं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री @JPNadda जी ने @DrSukantaMajum1, सांसद को पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। pic.twitter.com/z9RrP7eVhR
— BJP (@BJP4India) September 20, 2021
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ता के तौर पर राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. मजूमदार ने कहा, "दिलीप घोष ने बंगाल में भाजपा को एक मजबूत विपक्षी दल की अपनी वर्तमान स्थिति में लाकर खड़ा किया है। उन्होंने भाजपा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उस बिंदु से पार्टी को आगे ले जाने की उम्मीद करता हूं।"
ये भी पढ़ें: राजनीति से संन्यास की बात करने वाले बाबुल सुप्रियो ने थामा TMC का दामन
दिलीप घोष ने डॉक्टर मजूमदार को बधाई दी है। घोष ने कहा कि जेपी नड्डा ने कहा कि मुझे राष्ट्रीय मंच पर ले जाया जा रहा है। मुझे लगता है कि यह मेरे काम और योगदान की मान्यता है। जबकि सुप्रियो ने शनिवार को तृणमूल में शामिल होने के बाद सार्वजनिक रूप से कहा कि विवादित बयानों के लिए बदनाम दिलीप घोष विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के लिए जिम्मेदार थे।
ये भी पढ़ें: Narendra Giri Death: महंत नरेंद्र गिरी के चेले आनंद गिरी सहित 3 हिरासत में
सुप्रियो कुछ समय पहले तक एक केंद्रीय मंत्री थे। उन्होंने विधानसभा का चुनाव लड़ा और हार गए। इसके बाद उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल से बाहर होना पड़ा। उनसे पहले तीन भाजपा विधायक भी तृणमूल में चले गए थे। 2017 में भाजपा में शामिल हुए तृणमूल के पूर्व रणनीतिकार मुकुल रॉय तो पहले ही तृणमूल में लौट गए थे।
Leave Comments